Edited By Sunita sarangal, Updated: 27 Apr, 2026 10:56 AM

फायरिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवारों का संतुलन बिगड़ गया और वे मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
आर.एस. पुरा(मुकेश/तनवीर): मीरां साहिब क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया। सूत्रों के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नामी गैंगस्टर अभिनीत सिंह उर्फ नागी अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस ने कस्बे में एक स्थान पर नाका लगाया।
इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों नाका तोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और सिंबल मोड़ के पास पहुंचने पर दोनों अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
फायरिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवारों का संतुलन बिगड़ गया और वे मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए। कुछ समय बाद एक अपराधी नहर के पास गंभीर अवस्था में मिला, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए जी.एम.सी. अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृत अपराधी पर करीब 13 आपराधिक मामले दर्ज थे। वहीं दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, अभिनीत सिंह उर्फ नेगी एक कुख्यात तस्कर था और कुछ माह पहले ही गुरदासपुर जेल से रिहा हुआ था। रिहाई के बाद भी उसकी आपराधिक गतिविधियां लगातार जारी थीं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here