Edited By Kamini, Updated: 10 Dec, 2024 03:27 PM
शीत लहर ने पूरे कश्मीर में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित अधिकांश इलाकों में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
श्रीनगर (मीर आफताब) : शीत लहर ने पूरे कश्मीर में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित अधिकांश इलाकों में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
मिली जानकारी के अनुसार श्रीनगर में इस मौसम का सबसे कम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो यहां की सबसे ठंडी रात रही, जबकि सोनमर्ग शून्य से 9.7 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके अलावा, प्रसिद्ध स्की-रिसॉर्ट गुलमर्ग दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 9.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसके अलावा, कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसके अलावा, यहां के मौसम निदेशक डॉ मुख्तार ने अगले 10 दिनों तक कोई भारी बारिश की भविष्यवाणी नहीं की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here