Edited By Sunita sarangal, Updated: 23 Jun, 2026 06:17 PM

जम्मू स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विकसित किए जा रहे इस ओशनेरियम में मरीन फिश की खरीद और स्थापना की प्रक्रिया जारी है।
जम्मू(संजीव दुबे/तनवीर सिंह): जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू के बाग-ए-बाहू में निर्माणाधीन उत्तर भारत का पहला ओशनेरियम अब आम जनता के लिए खोले जाने का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही यह महत्वाकांक्षी परियोजना जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगी।
जम्मू स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विकसित किए जा रहे इस ओशनेरियम में मरीन फिश की खरीद और स्थापना की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश निर्माण और तकनीकी कार्य पूरे हो चुके हैं तथा विभिन्न प्रजातियों की समुद्री मछलियों को लाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
ओशनेरियम की सबसे बड़ी आकर्षण 20 मीटर लंबी पारदर्शी अंडरवाटर टनल होगी, जहां पर्यटक समुद्री जीवों को अपने चारों ओर और सिर के ऊपर तैरते हुए देख सकेंगे। यहां लगभग चार लाख लीटर खारे पानी का समुद्री वातावरण तैयार किया गया है, जिसमें शार्क समेत करीब 40 प्रजातियों की मरीन फिश प्रदर्शित की जाएंगी।
परियोजना में अत्याधुनिक एक्वेटिक टैंक, हाई-कैपेसिटी फिल्ट्रेशन सिस्टम, तापमान नियंत्रण और ऑक्सीजन सपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं भी स्थापित की गई हैं, ताकि समुद्री जीवों के लिए प्राकृतिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी होने पर ओशनेरियम को जुलाई के अंतिम सप्ताह या अगस्त तक आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होने से जम्मू पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान बनाएगा और छात्रों, शोधार्थियों तथा प्रकृति प्रेमियों को समुद्री जैव विविधता के बारे में सीखने का अनूठा अवसर मिलेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here