Edited By Neetu Bala, Updated: 14 Jun, 2025 11:22 AM

मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
जम्मू : बीते कुछ दिनों से जम्मू-कश्मीर के तापमान में लगातार बढ़ौतरी दर्ज की जा रही है। बढ़ते तापमान, गर्मी और हीट वेव के कारण हर कोई बेहाल है। शुक्रवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया। गर्मी से राहत पाने के लिए अधिकतर लोग जम्मू की रणवीर नहर में नहाने के लिए पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को कश्मीर संभाग के अधिकांश भागों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री अधिक तथा जम्मू संभाग के अधिकांश भागों में सामान्य से 4 से 6 डिग्री सैल्सियस अधिक रहा। इसी तरह जम्मू-कश्मीर के अधिकांश भागों में न्यूनतम रात्रि तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री अधिक रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान कश्मीर संभाग के पहलगाम में 11.8 डिग्री सैल्सियस तथा जम्मू संभाग के बनिहाल में 17.8 डिग्री सैल्सियस रहा।
शाम को चली हवाएं, कुछ इलाकों में हुई हल्की बारिश
शुक्रवार शाम को जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चलती रहीं। जम्मू-कश्मीर के रामबन में 8.5 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। जम्मू संभाग व अन्य आसपास के इलाकों में भी शाम के समय अचानक मौसम ने करवट बदली। इसके बाद तेज हवाएं चलने लगीं लेकिन कुछ समय बाद मौसम सामान्य हो गया। इसके बाद देर रात फिर मौसम ने करवट ली और कुछ देर के लिए हवाएं चलीं। विभाग ने आज भी जम्मू-कश्मीर में शुष्क एवं गर्म मौसम रहने की संभावना जताई है। साथ ही शाम के समय बादल गरजने, बिजली चमकने और हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई है।
आज से 16 तक हल्की बारिश व तेज हवाएं चलने की संभावना
विभाग ने 14 से 16 जून तक जम्मू-कश्मीर के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। 17 से 20 जून तक मौसम सामान्य रूप से गर्म रहेगा। विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग स्थानों पर लू चलेगी। विभाग ने दोपहर 12 से शाम 4 बजे के दौरान बाहरी गतिविधियों और धूप से बचने की सलाह दी है। लोगों को अधिक से अधिक पानी और पे पदार्थ पीने की सलाह दी है। किसानों को खेतीबाड़ी का काम जारी रखने की सलाह दी है।
गर्मी से राहत के लिए निगम ने करवाई आर्टिफिशियल रेन
जम्मू में बढ़ते तापमान और गर्मी को देखते हुए लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत दिलाने के लिए जम्मू नगर निगम द्वारा बीते कुछ दिनों से दोपहर के समय शहर के कुछ इलाकों में आर्टिफिशियल रेन करवाई जा रही है। शुक्रवार दोपहर के समय भी शहर में आर्टिफिशियल रेन करवाई गई। कई लोगों ने अपनी गाड़ियां रोक कर आर्टिफिशियल रेन का मजा लिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here