Edited By Kamini, Updated: 06 May, 2025 02:55 PM

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के दौरान एक बड़ी खबर सामने आई है।
जम्मू डेस्क : पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के दौरान एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय सेना ने बॉर्डर पर एक पाकिस्तान के नागरिक को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार भारतीय सेना ने आज मंगलवार को जम्मू एवं कश्मीर में पुंछ जिले के चक्कां दा बाग क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास से एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया। सेना के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की और कहा कि व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।
पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तान व भारत में तनाव बढ़ता ही जा रहा है। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की बेरहमी हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद बॉर्डर पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पाकिस्तान रोजाना संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है, जिसके कारण भारतीय पक्ष को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ रही है।
गौरतलब है कि, पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद से पाकिस्तान लगातार नियंत्रण रेखा (LoC) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। भारतीय सेना ने सोमवार रात को जम्मू-कश्मीर के कई सेक्टरों में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की सूचना दी, जिसके बाद भारतीय बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। गौरलतब है कि 22 अप्रैल को हुए हमले को लगभग 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पाकिस्तान अभी भी संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। पाकिस्तानी सेना ने गत रात्रि सोमवार रात एक बार फिर नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने जम्मू में पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी, अखनूर और कश्मीर में कुपवाड़ा और बारामूला सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। हालांकि, हमेशा की तरह इस बार भी भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।