Edited By Neetu Bala, Updated: 28 Oct, 2026 03:53 PM

गौरतलब है कि भाजपा नेताओं के प्रदर्शन की जानकारी संबंधित पक्षों तक पहुंचने के बाद आनन-फानन में सड़क निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया। इसे लेकर भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए विकास कार्य समय पर पूरे होने चाहिए, न कि...
आरएस पुरा ( मुकेश ) : कुलियां से आर.एस, पुरा सड़क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू न होने और काम रोके जाने के विरोध में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह रैना की देखरेख में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर जनहित के विकास कार्यों में बाधा डालने और बदले की भावना से राजनीति करने के आरोप लगाए। गौरतलब है कि भाजपा नेताओं के प्रदर्शन की जानकारी संबंधित पक्षों तक पहुंचने के बाद आनन-फानन में सड़क निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया। इसे लेकर भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए विकास कार्य समय पर पूरे होने चाहिए, न कि राजनीतिक कारणों से उनमें देरी की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान विधायक प्रो. गारू राम भगत और विधायक डॉ. राजीव भगत भी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि विधायक द्वारा उद्घाटन किए जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपमुख्यमंत्री के कहने पर इस सड़क का काम रुकवाया गया।
इस मौके पर डॉ. नरेंद्र सिंह रैना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार बढ़ा है और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सतवारी-गाड़ीगढ़ और कुलियां-आरएस पुरा सड़क परियोजनाओं के टेंडर एक ही दिन में हुए थे, लेकिन आरएस पुरा सड़क के निर्माण में जानबूझकर देरी की गई, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. रैना ने मंत्रिमंडल विस्तार में जम्मू संभाग से केवल दो मंत्रियों को शामिल किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार जम्मू के साथ भेदभाव कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान के हित में दिए गए बयान की कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब भी जनता के साथ अन्याय होगा, भाजपा पूरी ताकत के साथ उनकी आवाज उठाएगी और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here