Edited By Neetu Bala, Updated: 04 Nov, 2026 02:07 PM

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नरेश सिंह, अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त मलिकजादा शेराज-उल-हक, अतिरिक्त उपायुक्त रवि सिहाग, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशिक रफीक मलिक, डी.एस.पी यातायात मोहम्मद एजाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और नागरिक समाज के...
राजौरी (शिवम बक्शी) : उपायुक्त राजौरी डॉ. देवांश यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लेते हुए आपसी समन्वय बनाए रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर परिषद की ओर से पुराने बस अड्डे पर पटाखों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा राजौरी सहित सुंदरबनी, नौशहरा और अन्य प्रमुख कस्बों में अग्निशमन वाहनों के साथ अतिरिक्त पानी के टैंकर भी उपलब्ध रखे जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को शहरों और बाजारों में साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा निर्बाध बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को त्योहार के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नरेश सिंह, अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त मलिकजादा शेराज-उल-हक, अतिरिक्त उपायुक्त रवि सिहाग, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशिक रफीक मलिक, डी.एस.पी यातायात मोहम्मद एजाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और नागरिक समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here