Edited By Neetu Bala, Updated: 01 Jul, 2026 08:32 PM

पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। इन सुविधाओं के विस्तार से यात्रियों का अनुभव और अधिक सुखद एवं सुविधाजनक होगा।
जम्मू ( तनवीर ) : जम्मू मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण पहल की गईं। एक ओर जहां प्रतीक्षालय को नए उच्च क्षमता वाले वातानुकूलित (एसी) उपकरणों से सुसज्जित किया गया, वहीं दूसरी ओर यात्रियों को किफायती एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने हेतु 'जन आहार' आउटलेट का भी शुभारंभ किया गया।
गर्मी के मौसम मे यात्रियों को आरामदायक और शीतल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतीक्षालय में नए AC स्थापित किए गए हैं। इससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान विशेष राहत मिलेगी।
इसी श्रृंखला में पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर 'जन आहार' आउटलेट का शुभारंभ प्लेटफॉर्म संख्या एक पर शुरू किया गया, 'जन आहार' आउटलेट के माध्यम से यात्रियों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक भोजन, नाश्ता एवं पेय पदार्थ 24x7 उपलब्ध रहेंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल ने बताया कि "पठानकोट कैंट एक महत्वपूर्ण एवं व्यस्त स्टेशन है। यात्री सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वातानुकूलित प्रतीक्षालय से जहां यात्रियों को गर्मी में राहत मिलेगी, वहीं 'जन आहार' से विशेषकर सामान्य श्रेणी के यात्रियों, छात्रों एवं तीर्थयात्रियों को सस्ता और स्वच्छ भोजन आसानी से उपलब्ध होगा। यह दोनों सुविधाएं 'यात्री सेवा सर्वोपरि' की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।"
पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। इन सुविधाओं के विस्तार से यात्रियों का अनुभव और अधिक सुखद एवं सुविधाजनक होगा। रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखें और रेल संपत्ति का उचित उपयोग करें। किसी भी सहायता के लिए रेल मदद ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here