Edited By Neetu Bala, Updated: 11 Jul, 2026 08:04 PM

बीच-बीच में चलने वाली ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज धूप निकलने पर उमस ने परेशान भी किया।
जम्मू ( रोशनी ) : मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए जम्मू संभाग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार जम्मू का मौसम कभी भी करवट बदल सकता है। अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। शनिवार को जम्मू में मौसम मिला-जुला रहा। सुबह तड़के शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इसके बाद दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौली चलती रही। बीच-बीच में चलने वाली ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज धूप निकलने पर उमस ने परेशान भी किया।
मौसम विभाग के अनुसार 12 जुलाई को जम्मू संभाग के कई स्थानों पर एक-दो बार बारिश और आंधी-तूफान आ सकता है। खासकर चेनाब घाटी और पीर पंजाल रेंज के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और तीव्र बौछारों की संभावना जताई गई है। 13 से 17 जुलाई तक मौसम सामान्यतः गर्म और उमस भरा रहेगा। इस दौरान जम्मू संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या आंधी के साथ कुछ जगहों पर तेज बौछारें हो सकती हैं।
अगले कुछ घंटों में कश्मीर में आंधी-तूफान की सम्भावना
वहीं 18 से 20 जुलाई के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का नया दौर शुरू हो सकता है। मौसम केंद्र श्रीनगर ने अगले 3-5 घंटे में कश्मीर संभाग के कई स्थानों के अलावा पुंछ, राजौरी, रामबन, डोडा, रियासी और उधमपुर के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश और आंधी संभव है।
मौसम विभाग की जनता को सलाह
.
11-12 जुलाई की रात और सुबह के समय कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तीव्र बौछारों की संभावना है।
-चेनाब घाटी और पीर पंजाल रेंज के संवेदनशील इलाकों में फ्लैश फ्लड, लैंडस्लाइड और मडस्लाइड का खतरा बना हुआ है।
- नालों, नदियों और लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
- पहाड़ी इलाकों में यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें।
- नागरिक सतर्क रहें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।