Edited By Neetu Bala, Updated: 07 Jan, 2026 01:19 PM

यात्रियों और वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
जम्मू (रोशनी) : जम्मू संभाग और इसके आस-पास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण दृश्यता बेहद कम हो गई। कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। सुबह लगभग 6 बजे से शुरू हुआ कोहरा 11 बजे तक बना रहा। सड़कों पर विजिबिलिटी कम होने से वाहन चालकों को हैडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से गाड़ियां चलानी पड़ीं। दोपहर लगभग 12 बजे लोगों को सूर्य देव के दर्शन हुए। मौसम विभाग ने 7 जनवरी को जम्मू संभाग में मध्यम से घने कोहरे को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं जम्मू-कश्मीर में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। सोनमर्ग सहित ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। गुलमर्ग और मुगल रोड पर भी हल्की बर्फ गिरी, जबकि पीर पंजाल और दक्षिण कश्मीर पर इसका अधिक असर देखा गया। चिनाब घाटी के कुछ हिस्सों में भी ऐसी गतिविधियां होने की संभावना जताई गई है।
15 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर में छाए रहेंगे बादल
मौसम केंद्र श्रीनगर की भविष्यवाणी के अनुसार 7 से 15 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर में आंशिक बादल छाए रहेंगे, 16 से 18 जनवरी तक भी आंशिक बादल और 19 व 20 जनवरी को सामान्य रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 10 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आएगी, उसके बाद इसमें 1-2 डिग्री सैल्सियस की बढ़ौतरी हो सकती है। जम्मू के मैदानी इलाकों में अगले 2 दिनों तक मध्यम कोहरा जारी रहने और कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की आशंका है। यात्रियों और वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here