Edited By Kamini, Updated: 28 Mar, 2026 02:24 PM

बढ़ती ट्रैफिक समस्या और अवैध कब्जों को रोकने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बारामुला ने आज शहर में एक विशेष अभियान चलाया।
बारामुला (रेजवान मीर): बढ़ती ट्रैफिक समस्या और अवैध कब्जों को रोकने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बारामुला ने आज शहर में एक विशेष अभियान चलाया। यह अभियान उपायुक्त (डीसी) बारामुला सैयद फखरुद्दीन हामिद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बारामुला, तहसीलदार बारामुला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों का दौरा किया और ट्रैफिक अव्यवस्था तथा फुटपाथों पर अवैध कब्जों की स्थिति का जायजा लिया, जिससे आम लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर उपायुक्त बारामुला ने कहा कि प्रशासन बाजार व्यवस्था को सुचारू बनाने और ट्रैफिक को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने आगे आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में शहर को जाम से राहत दिलाने, फुटपाथों को खाली कराने और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक व्यापक योजना लागू की जाएगी, जिससे आम जनता को राहत मिल सके। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का साथ दें, ताकि शहर में व्यवस्था और सुगमता बनी रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here