Edited By Neetu Bala, Updated: 30 Sep, 2026 03:57 PM

स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को नाले को पैदल पार करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बारिश के दौरान नाले में पानी का स्तर बढ़ने पर स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो जाती है।
राजौरी (शिवम बक्शी) : जिला राजौरी की तहसील दरहाल के नडियां क्षेत्र में ठक्कर मोहल्ला और चौकीदार मोहल्ला के बीच स्थानीय नाले पर बनी पुलिया हाल ही में आई बाढ़ के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से दोनों मोहल्लों के बीच संपर्क व्यवस्था प्रभावित हो गई है और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, 19 जुलाई को आई तेज बाढ़ के दौरान पुलिया को काफी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद 3 अगस्त को दरहाल के रकीबन क्षेत्र में आई एक और बार बाढ़ ने पुलिया को और कमजोर कर दिया, जिसके बाद यहां से वाहनों की आवाजाही असुरक्षित हो गई है।
पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को नाले को पैदल पार करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बारिश के दौरान नाले में पानी का स्तर बढ़ने पर स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि संपर्क मार्ग प्रभावित होने से दैनिक आवागमन के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी प्रभावित हुई है। मरीजों, स्कूली बच्चों और अन्य जरूरतमंद लोगों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने कहा कि बरसात के मौसम में क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से बिना देरी किए अस्थायी सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने नाले पर स्थायी आरसीसी पुलिया अथवा पुल का निर्माण करवाने की मांग उठाई है। लोगों ने कहा कि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और वाहन चालकों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन को इस मामले में तत्काल कदम उठाने चाहिए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here