Edited By VANSH Sharma, Updated: 20 Feb, 2026 05:22 PM

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन विंग (एफएसई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 725 किलोग्राम शहद जब्त किया है।
जम्मू-कश्मीर डेस्क: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन विंग (एफएसई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 725 किलोग्राम शहद जब्त किया है। यह शहद बिना किसी वैधानिक लेबल के संग्रहीत पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ड्रग एंड फूड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (डीएफसीओ) को मिली विशेष खुफिया सूचना के आधार पर अबनशाह एचएमटी क्षेत्र में की गई।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि जब्त शहद पर आवश्यक जानकारी पूरी तरह गायब थी। इनमें उत्पाद का नाम, शुद्ध मात्रा, पैकिंग या निर्माण तिथि, बेस्ट बिफोर या एक्सपायरी डेट, निर्माता या पैकर का नाम-पता, फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) लाइसेंस नंबर और भंडारण से जुड़े निर्देश शामिल हैं।
पूरे स्टॉक को मौके पर ही सीज कर लिया गया है और जांच के लिए नमूने भी लिए गए हैं। विभाग ने खाद्य कारोबार करने वालों को सख्त चेतावनी दी है कि बिना लेबल वाले खाद्य उत्पाद बेचना कानूनन अपराध है और इससे लोगों की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। अगर कहीं बिना लेबल या संदिग्ध खाद्य सामग्री दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत फूड सेफ्टी हेल्पलाइन नंबर 104 पर देने को कहा गया है। पैक्ड खाने की चीजों पर निर्माता का नाम, पैकिंग तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि साफ लिखी होना जरूरी है। विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई कश्मीर के बाजारों में असुरक्षित और नियमों का पालन न करने वाले खाद्य उत्पादों के खिलाफ डीएफसीओ की “जीरो टॉलरेंस” नीति को दर्शाती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here