Edited By Neetu Bala, Updated: 09 Aug, 2026 08:33 PM

मामले को फॉरेस्ट एक्ट के संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया है।
जम्मू ( तनवीर ) : जम्मू के नगरोटा के बन टोल प्लाजा पर रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस ने लकड़ी की कथित अवैध तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। रियासी से जम्मू की ओर जा रहे एक ट्रक को पुलिस ने रोका, तो तलाशी के दौरान उसमें भारी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद हुई। नगरोटा पुलिस स्टेशन की टीम बन टोल प्लाजा पर रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रियासी से जम्मू की ओर आ रहे एक ट्रक, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JK02AJ-4071 है, को जांच के लिए रोका गया।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें करीब 11 टन खैर की लकड़ी लदी हुई मिली। लकड़ी को कथित तौर पर बिना वैध दस्तावेजों के ले जाया जा रहा था।
बरामद खैर की लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक और लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, मामले को फॉरेस्ट एक्ट के संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here