Edited By Subhash Kapoor, Updated: 19 Aug, 2026 09:13 PM
जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय की ओर से 20 अगस्त के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक NH-44 पर कई जगहों पर यातायात बेहद धीमा रहा। डवाल, उधमपुर में करीब 30-40 मीटर का सिंगल-लेन हिस्सा और मरोग से किश्तवारी पाथर के बीच...
जम्मू/श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय की ओर से 20 अगस्त के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक NH-44 पर कई जगहों पर यातायात बेहद धीमा रहा। डवाल, उधमपुर में करीब 30-40 मीटर का सिंगल-लेन हिस्सा और मरोग से किश्तवारी पाथर के बीच सड़क की स्थिति के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नाचन और पंथियाल में 2 वाहनों के खराब होने से भी ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सफर शुरू करने से पहले TCU श्रीनगर, रामबन या जम्मू से सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
रात में यात्रा से बचने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों और LMV चालकों को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दिन के समय सफर करने की सलाह दी है। रामबन और बनिहाल के बीच शूटिंग स्टोन, भूस्खलन और निर्माण कार्य के चलते रात में सफर करने से बचने को कहा गया है।
तेल टैंकरों की आवाजाही पर प्रतिबंध
NHAI द्वारा डिगडोल-खूनी नाला क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू किया जा रहा है। इसके चलते कश्मीर जाने वाले तेल और गैस टैंकरों की दिन में सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
अप-टैंकरों को चेनानी से आगे शाम 4 बजे के बाद और रात 3 बजे तक जाने की अनुमति होगी। टैंकर ऑपरेटरों को इसी हिसाब से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
ओवरलोडिंग से बचने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों के मालिकों और चालकों से ओवरलोडिंग न करने, पर्याप्त ईंधन रखने और वाहन की फिटनेस जांचने की अपील की है। रामबन-बनिहाल के बीच भूस्खलन और पत्थर गिरने वाले इलाकों में अनावश्यक रुकने से भी बचने को कहा गया है।
20 अगस्त को NH-44 पर दोनों तरफ से ट्रैफिक
मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने पर जम्मू-श्रीनगर NH-44 पर जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू दोनों दिशाओं में यात्री वाहन, निजी कारें और मालवाहक वाहन चल सकेंगे। चालकों को लेन अनुशासन का पालन करने और गलत लेन में ड्राइविंग व ओवरटेकिंग से बचने की सलाह दी गई है।
किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग रोड
NH-244 पर मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने तथा रोड मेंटेनेंस एजेंसी से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद LMV और निजी कारों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। पराना से अनंतनाग की ओर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक और डक्सुम से किश्तवाड़ की ओर सुबह 9 से शाम 4 बजे तक वाहनों की आवाजाही होगी।
SSG रोड पर भी समय निर्धारित
श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी रोड पर मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने पर LMV को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। सोनमर्ग से कारगिल और मिनामार्ग से श्रीनगर की ओर वाहन दोपहर 1 बजे तक चल सकेंगे।
HMV को मिनामार्ग से श्रीनगर की ओर दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चलने की अनुमति होगी। शाम 5 बजे के बाद किसी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
मुगल रोड पर भी दोनों तरफ से आवाजाही
मुगल रोड (NH-701A) पर मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने तथा GREF से अनुमति मिलने के बाद LMV और अधिकतम 10 टायर वाले HMV दोनों दिशाओं में चल सकेंगे। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वाहनों की आवाजाही की अनुमति होगी।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने तथा यात्रा से पहले संबंधित ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से जानकारी लेने की अपील की है।