Edited By Neetu Bala, Updated: 29 May, 2026 09:01 PM

सूचना मिलने के बाद दोनों विभागों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया।
रियासी ( अमित शर्मा ) : जिला रियासी के चिनाब नदी तट पर स्थित 690 मेगावाट सलाल जलविद्युत परियोजना के समीप सलाल डैम की पहाड़ियों में आज दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पहाड़ी क्षेत्र के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया जिससे आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत दमकल विभाग तथा वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद दोनों विभागों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया।
कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों और वन विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया है। हालांकि आग लगने के कारण वन क्षेत्र की झाड़ियां, घास और अन्य वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।
मौके पर मौजूद वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। दमकल विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीमें विभिन्न स्थानों पर फैल रही आग को रोकने में जुटी हुई हैं ताकि आग और अधिक क्षेत्र में न फैल सके।
स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने के प्रयासों में सहयोग दिया और विभागीय टीमों के साथ मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल आग पर अधिकांशत काबू पा लिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी जारी रखी जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बढ़ते तापमान और शुष्क मौसम के कारण जम्मू-कश्मीर सहित देश के कई हिस्सों से जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा आग लगने की स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here