Edited By Sunita sarangal, Updated: 17 May, 2026 10:11 AM

अधिकारियों के अनुसार तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
बारामूला(रेजवान मीर): बारामूला-हंदवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जनबाजपोरा के पास शनिवार शाम एक तेंदुआ घायल अवस्था में मृत पाया गया। इसके बाद वन्यजीव विभाग, वन विभाग और बारामूला पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत सड़क हादसे, आपसी संघर्ष या किसी अन्य कारण से हुई।
वन्यजीव विभाग सोपोर कंट्रोल रूम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर संयुक्त टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया जा रहा है और जांच जारी है। पुलिस ने भी संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि जनबाजपोरा क्षेत्र जंगलों से सटा हुआ इलाका है, जहां अक्सर सुबह और शाम के समय जंगली जानवरों की आवाजाही देखी जाती है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वन क्षेत्रों से गुजरने वाले राजमार्गों पर सावधानी से वाहन चलाएं ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
सभी कानूनी और चिकित्सीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद तेंदुए के शव का निस्तारण वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here