Edited By Neetu Bala, Updated: 11 May, 2026 08:53 PM

प्रधानमंत्री की यह अपील पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में संभावित वृद्धि, रुपए पर दबाव और विदेशी मुद्रा भंडार के संरक्षण की आवश्यकता के मद्देनज़र सामने आई है।
जम्मू, 11 मई (विक्की): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक वर्ष तक गैर-आवश्यक सोना खरीद टालने, अनावश्यक विदेशी यात्राएं स्थगित करने और जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील के बाद जम्मू के ज्वेलरी कारोबारियों में चिंता देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री की यह अपील पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में संभावित वृद्धि, रुपए पर दबाव और विदेशी मुद्रा भंडार के संरक्षण की आवश्यकता के मद्देनज़र सामने आई है।
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की इस अपील से हजारों ज्वैलर्स और इस कारोबार से जुड़े परिवार चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि पहले ही सोने की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण कारोबार लगभग 50 प्रतिशत तक प्रभावित हो चुका है और यदि लोग खरीदारी लंबे समय तक टालते हैं तो छोटे दुकानदारों और कारीगरों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि कई दुकानदारों ने अपना कारोबार चलाने के लिए बैंकों से ऋण ले रखा है। यदि बिक्री प्रभावित होती है तो उनके लिए बैंक की किस्तें चुकाना और परिवार का खर्च चलाना कठिन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्वेलरी उद्योग से हजारों कारीगर, कर्मचारी और छोटे व्यापारी जुड़े हुए हैं, जिनकी आजीविका इसी व्यवसाय पर निर्भर है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि सरकार ऐसा संतुलित रास्ता निकाले जिससे देश की आर्थिक स्थिति भी मजबूत रहे और ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों के हितों की भी रक्षा हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here