Edited By Sunita sarangal, Updated: 19 May, 2026 12:01 PM

विभाग के अनुसार जम्मू के अधिकतम तापमान में 3 डिग्री और श्रीनगर के अधिकतम तापमान में 6 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा रही है।
जम्मू(रोशनी): जम्मू में बीते दो दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है जिससे हर कोई बेहाल है। चुभती-जलती गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। सुबह से ही तेज धूप निकल रही है जिसके चलते लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया।
विभाग के अनुसार जम्मू के अधिकतम तापमान में 3 डिग्री और श्रीनगर के अधिकतम तापमान में 6 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा रही है। भीषण गर्मी और तेज धूप के चलते लोग हीटवेव से परेशान हैं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और बाजारों में भी भीड़ कम दिखी। वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने, हल्के सूती कपड़े पहनने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
जानकारी मिली है कि मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 19 मई से 21 मई के बीच लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। आज शाम या देर रात को मौसम में बदलाव हो सकता है। इस दौरान तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना बनी हुई है। साथ ही कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम में इस बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here