Edited By Subhash Kapoor, Updated: 01 Sep, 2026 12:25 AM
जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों में बारिश के पूर्वानुमान के बीच ट्रैफिक पुलिस ने जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे-44 (NH-44) पर सफर करने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त शाम 4 बजे से 31 अगस्त शाम 4 बजे तक NH-44 पर...
जम्मू/श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों में बारिश के पूर्वानुमान के बीच ट्रैफिक पुलिस ने जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे-44 (NH-44) पर सफर करने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त शाम 4 बजे से 31 अगस्त शाम 4 बजे तक NH-44 पर कई जगहों पर ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी रही।
ट्रैफिक प्रभावित होने की मुख्य वजह दवाल, उधमपुर में करीब 30-40 मीटर का सिंगल-लेन हिस्सा, सड़क की असमान सतह और मरोग से किश्तवाड़ी पाथेर के बीच सिंगल-लेन स्ट्रेच बताया गया है। इसके अलावा मेहाड़ में एक वाहन खराब होने के कारण भी ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
बारिश के बीच सफर से पहले रोड स्टेटस जरूर जांचें
मौसम विभाग (IMD) की ओर से अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना जताए जाने के चलते ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों को सलाह दी है कि जम्मू-कश्मीर के प्रमुख हाईवे पर सफर शुरू करने से पहले सड़क की स्थिति जरूर जांच लें।
लोग TCU श्रीनगर, रामबन या जम्मू से सड़क की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें। इसके साथ ही J&K ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया पेजों पर भी रोड स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है।
रात में सफर से बचने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों और हल्के वाहनों के चालकों को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दिन के समय सफर करने की सलाह दी है। खासकर रामबन से बनिहाल के बीच रात में यात्रा से बचने को कहा गया है।
इस इलाके में पत्थर गिरने, भूस्खलन और चल रहे निर्माण कार्य के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से लैंडस्लाइड या शूटिंग स्टोन वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से वाहन रोकने से भी बचने को कहा है।
टैंकरों की आवाजाही पर भी पाबंदी
NH-44 पर दिगडोल-खूनी नाला क्षेत्र में NHAI की ओर से सड़क चौड़ी करने का काम चल रहा है। इसके चलते कश्मीर जाने वाले तेल और गैस टैंकरों की दिन के समय आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
टैंकरों को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक इस हिस्से से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, अप-टैंकरों को चेनानी से आगे शाम 5 बजे के बाद और सुबह 5 बजे तक आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। टैंकर संचालकों को इसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
ओवरलोडिंग से बचें, वाहन की फिटनेस जांचें
ट्रैफिक पुलिस ने मालवाहक वाहनों के ऑपरेटरों को ओवरलोडिंग से बचने और यात्रा के दौरान पर्याप्त ईंधन रखने की सलाह दी है। वाहन मालिकों से सफर शुरू करने से पहले वाहन की फिटनेस की दोबारा जांच करने को भी कहा गया है।
1 सितंबर के लिए NH-44 पर क्या रहेगा ट्रैफिक प्लान?
मौसम साफ रहने और सड़क की स्थिति बेहतर होने पर 1 सितंबर को जम्मू-श्रीनगर NH-44 पर दोनों दिशाओं में यातायात की अनुमति रहेगी।
जम्मू से श्रीनगर की ओर वाहन चल सकेंगे।
श्रीनगर से जम्मू की ओर भी यातायात की अनुमति होगी।
पैसेंजर वाहन, प्राइवेट कार और मालवाहक वाहन चल सकेंगे।
वाहन चालकों को लेन अनुशासन का पालन करने की सलाह दी गई है।
गलत लेन में वाहन चलाने और ओवरटेक करने से जाम की स्थिति बन सकती है।
ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट (TCU) जम्मू, श्रीनगर और रामबन सड़क की स्थिति के अनुसार आपसी तालमेल बनाए रखेंगी।
सुरक्षा बलों के काफिले को भी दोनों तरफ से मिलेगी अनुमति
मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने पर सुरक्षा बलों के वाहनों को भी जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू की ओर आवाजाही की अनुमति रहेगी। हालांकि, सुरक्षा बलों के काफिले को भी रामबन TCU से NH-44 की स्थिति की पुष्टि करने के बाद ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई है।
Kishtwar-Sinthan-Anantnag NH-244 पर समय तय
NH-244 पर मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने तथा रोड मेंटेनेंस एजेंसी से हरी झंडी मिलने के बाद LMV, पैसेंजर और प्राइवेट कारों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी।
पराना से अनंतनाग की ओर: सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
डक्सुम से किश्तवाड़ की ओर: सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक
निर्धारित समय के बाद किसी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
SSG रोड पर भी समय के अनुसार आवाजाही
श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी रोड पर मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने पर हल्के वाहनों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। वाहनों को रोड मेंटेनेंस एजेंसी से हरी झंडी मिलने के बाद निर्धारित समय तक आगे बढ़ाया जाएगा।
भारी वाहनों को मिनामर्ग से श्रीनगर की ओर दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चलने की अनुमति होगी। शाम 5 बजे के बाद किसी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
फिसलन वाली सड़क को देखते हुए वाहन चालकों को एंटी-स्किड चेन साथ रखने और जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
मुगल रोड पर भी दोनों तरफ से यातायात
मुगल रोड (NH-701A) पर मौसम और सड़क की स्थिति बेहतर रहने तथा GREF से मंजूरी मिलने के बाद हल्के वाहनों और अधिकतम 10 टायर तक के भारी वाहनों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी।
चंदिमार्ग (बफ्लियाज) से शोपियां: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
हेरपोरा (शोपियां) से पुंछ: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
निर्धारित कट-ऑफ टाइम के बाद किसी भी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में बिना जरूरत यात्रा न करें और सफर से पहले हाईवे की स्थिति की जानकारी जरूर हासिल करें।