Edited By Neetu Bala, Updated: 01 Mar, 2026 05:24 PM

हैरानी की बात यह है कि सब कुछ खुलेआम होने के बावजूद यातायात विभाग कार्रवाई के बजाय मूकदर्शक बना हुआ है।
कठुआ (महाजन) : जिले से गुजरने वाले जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर इन दिनों ओवरलोड ट्रालों ने आतंक मचा रखा है। बेलगाम दौड़ रहे भारी-भरकम ट्राले न केवल यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि किसी बड़े हादसे को भी न्यौता दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ ओवरलोड वाहन बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ट्रालों में क्षमता से कई गुना अधिक सामान लादा जा रहा है, जिससे सड़क सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। हैरानी की बात यह है कि सब कुछ खुलेआम होने के बावजूद यातायात विभाग कार्रवाई के बजाय मूकदर्शक बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई बार इन ओवरलोड ट्रालों के कारण जाम की स्थिति बन जाती है और छोटे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्कूली बच्चों और दोपहिया सवारों के लिए यह मार्ग विशेष रूप से जोखिम भरा बन गया है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ओवरलोड वाहनों पर भारी जुर्माना लगाया जाए और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त वाहन मालिकों पर भी समान रूप से कार्रवाई हो।
जनता का कहना है कि सड़क सुरक्षा के नियम केवल आम लोगों के लिए नहीं, बल्कि सभी के लिए समान रूप से लागू होने चाहिए। अब देखना यह है कि प्रशासन संभावित बड़े हादसे का इंतजार करता है या समय रहते सख्त कार्रवाई कर लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here