Edited By Neetu Bala, Updated: 05 Aug, 2026 09:05 PM

बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आपदा से हुए नुकसान, चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में बहाली कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
पुंछ ( धनुज ) : जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को पुंछ जिले के सुरनकोट तहसील के बाढ़ एवं बादल फटने से प्रभावित मुर्रा और दरा सांगला तथा मंडी तहसील के लोरन क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मुर्रा और दरा सांगला गांवों का निरीक्षण किया, जो हालिया बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं। उन्होंने उन परिवारों से मुलाकात की जिन्होंने इस प्राकृतिक आपदा में अपने परिजनों को खोया है तथा जिनके घरों और आजीविका को भारी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि जम्मू-कश्मीर सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंडी तहसील के लोरन क्षेत्र का दौरा किया, जहां उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मकानों, कृषि भूमि, पशुधन, सड़कों, पुलों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को हुए नुकसान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को राहत, पुनर्वास और बहाली कार्यों में तेजी लाने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को समय पर सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
दौरे के उपरांत मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पुंछ के डाक बंगले में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आपदा से हुए नुकसान, चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में बहाली कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में और तेजी लाई जाए, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की प्राथमिकता के आधार पर मुरम्मत एवं पुनर्निर्माण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी प्रभावित परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सामान्य जीवन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और कल्याण के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को प्रभावित लोगों की कठिनाइयों को कम करने, राहत कार्यों में तेजी लाने और सामान्य स्थिति शीघ्र बहाल करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here