Edited By VANSH Sharma, Updated: 06 Feb, 2026 05:36 PM

नेशनल हाईवे पर कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है।
ऊधमपुर (रमेश): ऊधमपुर पुलिस ने नेशनल हाईवे पर कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 17 मवेशियों को सुरक्षित बचाया है। दो तस्करों को मौके पर गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
पहला मामला थाना चनैनी क्षेत्र का है। पुलिस ने एनएचडब्ल्यू चनैनी स्थित मोटर शेड नाके पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोका, जो ऊधमपुर से श्रीनगर की ओर जा रहा था। जांच के दौरान ट्रक में 12 मवेशी बिना किसी वैध अनुमति के और क्रूर तरीके से लदे हुए पाए गए, जिन्हें कश्मीर घाटी की ओर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
ट्रक चालक ने अपनी पहचान हारून पुत्र हकम अली, निवासी गंगोह, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई, जबकि उसके साथ मौजूद व्यक्ति की पहचान अल्ताफ हुसैन पुत्र बशीर अहमद, निवासी क्रिमची, ऊधमपुर के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाना चनैनी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला टिकरी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। टिकरी नाका प्वाइंट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने जम्मू से श्रीनगर जा रहे एक टाटा मोबाइल वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन की गति तेज कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 5 मवेशी लदे हुए पाए गए। इस मामले में पुलिस थाना रेंबल में केस दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here