Edited By VANSH Sharma, Updated: 07 Feb, 2026 05:21 PM

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घगवाल (लोकेश): सांबा जिले के घगवाल मुख्य चौक के पास शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा ट्रक नंबर JK11D-5286 और कार नंबर JK01AD-4707 के बीच हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और सभी को एक्सीडेंटल अस्पताल घगवाल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स विजयपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य और अव्यवस्थित पार्किंग पर गंभीर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर जगह-जगह निर्माण कार्य के कारण सड़क सिंगल लेन हो गई है, वहीं सड़क किनारे भारी ट्रक खड़े किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार ढाबों, पेट्रोल पंपों और अन्य स्थानों पर खड़े ये ट्रक लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here