Edited By VANSH Sharma, Updated: 17 Feb, 2026 07:27 PM

दोनों आरोपी मंगलवार शाम सुधार गृह से भाग निकले थे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था।
जम्मू-कश्मीर डेस्क: जम्मू-कश्मीर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोहम्मद सुना-उल्लाह और अहसान अनवर नामक दोनों पाकिस्तानी नागरिकों को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों आरोपी सोमवार शाम आर.एस. पुरा स्थित बाल सुधार गृह से कुख्यात गैंगस्टर करजीत सिंह उर्फ गुग्गा के साथ फरार हो गए थे।
सूत्रों के अनुसार फरारी के दौरान आरोपियों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया और एक तस्करी कर लाए गए पिस्तौल से फायरिंग भी की थी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी करते हुए विशेष टीमें गठित कीं, जिन्होंने राज्य की सीमाओं से बाहर तक पीछा कर दोनों विदेशी नागरिकों को दबोच लिया।
हालांकि स्थानीय गैंगस्टर करजीत सिंह अभी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विदेशी नागरिकों की दोबारा गिरफ्तारी से संभावित सीमा पार सुरक्षा जोखिम को टाल दिया गया है।
उधर, मामले में सुरक्षा चूक को गंभीर मानते हुए पहले ही छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित सुधार गृह के भीतर हथियार कैसे पहुंचा और फरारी की साजिश किन परिस्थितियों में रची गई। पुलिस ने उम्मीद जताई है कि फरार गैंगस्टर को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here