Edited By Neetu Bala, Updated: 19 Aug, 2026 05:09 PM

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर आज श्रीनगर पहुंचे हैं जहां उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बातचीत की है।
श्रीनगर ( मीर आफताब ) : भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर आज श्रीनगर पहुंचे हैं जहां उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बातचीत की है। उन्होंने बुधवार को कहा कि वॉशिंगटन जम्मू-कश्मीर के लिए अपनी ट्रैवल एडवाइजरी (यात्रा संबंधी सलाह) पर फिर से विचार करेगा। गुपकार में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से उनके आवास पर मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए गोर ने कहा कि अमेरिका समय-समय पर अपनी ट्रैवल एडवाइज़री की समीक्षा करता रहता है।
गोर ने कहा, "अमेरिका ट्रैवल वॉर्निंग जारी करता है और हम समय-समय पर उन ट्रैवल वॉर्निंग का फिर से मूल्यांकन करते हैं। मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं कर सकता, लेकिन यह एक ऐसी चीज है जिस पर हम विचार करेंगे।"
उन्होंने कहा कि भारत सरकार और J&K सरकार ने इस इलाके को सुरक्षित बनाने की दिशा में "कुछ बेहतरीन कदम" उठाए हैं। उन्होंने कहा, "हम इस बात पर विचार करेंगे कि क्या अमेरिका द्वारा जारी ट्रैवल वॉर्निंग को कम किया जाना चाहिए या नहीं।"
जम्मू-कश्मीर की अपनी पहली यात्रा पर आए गोर ने इस इलाके को "बेहद खूबसूरत" बताया और कहा कि कई अमेरिकी यहां घूमने का आनंद ले सकते हैं।
उन्होंने कहा, "यह एक खूबसूरत इलाका है। मुझे लगता है कि बहुत से अमेरिकी यहां आने और यहां मौजूद सुंदरता और अवसरों को देखने का आनंद लेंगे।"
दूत ने उमर के साथ अपनी मुलाकात को "बहुत अच्छा" और "बहुत सौहार्दपूर्ण" बताया और कहा कि आगे के मुद्दों पर वॉशिंगटन और नई दिल्ली के साथ चर्चा की जाएगी।
गोर ने आगे कहा, "कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिन पर हम वॉशिंगटन और दिल्ली में बात करना चाहेंगे, लेकिन मुलाकात बहुत गर्मजोशी भरी और सौहार्दपूर्ण रही, और हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।"
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here