Edited By Neetu Bala, Updated: 13 Dec, 2025 06:02 PM

वहीं आने वाले दिनों में जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
जम्मू (रोशनी) : जम्मू कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी है। शनिवार को जम्मू संभाग में हल्के बादल छाए रहे। सुबह के समय हल्का कोहरा भी छाया रहा। वहीं कश्मीर घाटी में बादल छाए रहने से ठंड से थोड़ी राहत मिली है और न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ौतरी दर्ज की गई।
हालांकि मौसम विभाग ने घाटी के ऊपरी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर में 21 दिसम्बर से ‘चिल्ले कलां’ शुरू होगी, जो 40 दिनों की सबसे कठोर सर्दी की अवधि है। यह 29 या 31 जनवरी तक रहेगी। इस दौरान तापमान शून्य से काफी नीचे गिर जाता है, भारी बर्फबारी होती है और डल झील सहित जलस्रोत जम जाते हैं। पानी की पाइपलाइनें फ्रीज हो जाती हैं, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित होता है। कश्मीरी लोग इस ठंड से बचने के लिए पारंपरिक फेरन और कांगड़ी का इस्तेमाल करते हैं। गुलमर्ग, सोनमर्ग जैसे इलाकों में बर्फ की मोटी चादर बिछ जाती है।
-4.2 डिग्री सैल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा पुलवामा
श्रीनगर में शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान -2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतन तापमान -1.6 डिग्री, जबकि उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में - 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। कोकेरनाग में तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर में केवल कोकेरनाग और प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग ही ऐसे स्थान रहे जहां रात का तापमान हिमांक से ऊपर रहा। गुलमर्ग में तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछली रात के शून्य डिग्री से बेहतर रहा। पहलगाम में न्यूनतम तापमान -2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिसमे पिछली रात के -4.6 डिग्री से सुधार देखा गया। जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान पुलवामा रहा, जहां तापमान -4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि पड़ोसी शोपियां में -3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आने वाले दिनों में जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में छाया रहेगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार 13 से 17 दिसम्बर तक उत्तर और मध्य कश्मीर के ऊपरी इलाकों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बर्फबारी हो सकती है। 18 और 19 दिसम्बर को मौसम आंशिक रूप से बादलयुक्त रहेगा, जबकि 20 या 21 दिसम्बर को ‘चिल्ले कलां’ शुरू होने पर घाटी के कई स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। जम्मू कश्मीर में लगातार शुष्क मौसम के कारण खांसी और सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियां बढ़ गई हैं। डॉक्टरों ने लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने और घर के अंदर रहने की सलाह दी है। वहीं आने वाले दिनों में जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here