Edited By VANSH Sharma, Updated: 18 Feb, 2026 10:55 PM

ACB अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पर आरोप है कि उसने पैतृक जमीन की नाप (डिमार्केशन) करने के बदले शिकायतकर्ता से पैसे मांगे थे।
जम्मू-कश्मीर डेस्क: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक राजस्व अधिकारी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मोहम्मद सलीम बंडे के रूप में हुई है, जो हल्का जुड्डा, तहसील अरनास में गिरदावर के पद पर तैनात था।
ACB अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पर आरोप है कि उसने पैतृक जमीन की नाप (डिमार्केशन) करने के बदले शिकायतकर्ता से पैसे मांगे थे। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद एक ट्रैप टीम का गठन किया गया।
टीम ने आरोपी को रिश्वत मांगते और लेते समय स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। इस मामले में एफआईआर नंबर 04/2026 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत पुलिस स्टेशन ACB उधमपुर में दर्ज की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के घर, सल्लियां तालाब क्षेत्र उधमपुर में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी भी ली गई। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी ACB थाने में दो मामले दर्ज हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here