Edited By Neetu Bala, Updated: 14 Sep, 2026 04:57 PM

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन्यजीव विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा तेंदुए को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
राजौरी ( शिवम बक्शी ) : राजौरी जिले के मंजाकोट क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। रविवार को हयातपुरा गांव में एक तेंदुए ने बकरियों के झुंड पर हमला कर दिया। हमले में तीन बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अपने मवेशियों और खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हयातपुरा गांव निवासी मोहम्मद निसार खान पुत्र मोहम्मद शरीफ की बकरियां इलाके में चर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक तेंदुआ वहां पहुंचा और बकरियों के झुंड पर हमला कर दिया। तेंदुए ने बकरियों को निशाना बनाते हुए तीन को मार डाला, जबकि दो बकरियां हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुए के हमले की घटनाओं के कारण ग्रामीण अपने पालतू पशुओं को खुले में चराने को लेकर भी चिंतित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अक्सर अपने मवेशियों को जंगल और आसपास के इलाकों में चराने के लिए ले जाते हैं, ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी उनके लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
ग्रामीणों ने संबंधित वन्यजीव विभाग से मामले का संज्ञान लेते हुए क्षेत्र का निरीक्षण करने, तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की मांग की है। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते तेंदुए की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में पालतू पशुओं के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन्यजीव विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा तेंदुए को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here