Edited By VANSH Sharma, Updated: 10 May, 2026 03:15 PM

जम्मू-कश्मीर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
बारामूला (रेज़वान मीर): जम्मू-कश्मीर के बारामूला में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बारामूला पुलिस ने शनिवार को कुख्यात एनडीपीएस आरोपी रियाज़ अहमद खान पुत्र स्वर्गीय गुलाम नबी खान निवासी जानबाज़पोरा, बारामूला की दुकान और उससे जुड़े ढांचों को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बारामूला की मौजूदगी में तथा सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ध्वस्त की गई संपत्ति आरोपी से संबंधित थी, जो मादक पदार्थों की तस्करी और एनडीपीएस मामलों में संलिप्त बताया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशा तस्करी नेटवर्क को खत्म करने और समाज में फैल रहे नशे के कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। बारामूला पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करों और उनके सहयोगियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को नशा तस्करी या मादक पदार्थों के दुरुपयोग से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने कहा कि “नशे के खिलाफ उठाया गया हर कदम हमारे युवाओं के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।”
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here