Edited By Neetu Bala, Updated: 11 Jan, 2026 08:01 PM

दोनों संभागों के लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है
जम्मू (रोशनी): जम्मू-कश्मीर में इन दिनों भीषण ठंड का प्रकोप जारी है, जिससे दोनों संभागों के लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से काफी नीचे पहुंच गया है, जबकि जम्मू संभाग में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो जाती है। रविवार को सुबह के समय जम्मू संभाग में घना कोहरा छाया रहा जिससे विजिबिलिटी बहुत कम हो गई। दोपहर तक कोहरे का प्रकोप रहा। इसके साथ ही जम्मू में दिनभर बादल छाए रहे और सूर्य के दर्शन नहीं हुए, जिससे शीतलहर का असर और बढ़ गया। लोग ठंड से बचने के लिए ज्यादातर घरों में ही दुबके रहे, जबकि जरूरी कामों के लिए बाहर निकलने वालों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं मौसम विभाग के अनुसार जम्मू संभाग में 12 से 15 जनवरी तक कोहरे व शीत लहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Jammu में तापमान में - 5.8 डिग्री की गिरावट दर्ज
Jammu में अधिकतम तापमान में - 5.8 डिग्री सेल्सियस की तेज गिरावट आई, जिससे यह 11.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान - 2.9 डिग्री की कमी के साथ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। Katra में भी न्यूनतम तापमान -2.4 डिग्री गिरकर 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू संभाग में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा और बहुत अधिक ठंड बनी रहने की संभावना है।
पहलगाम -7.6 डिग्री के साथ रहा सबसे ठंडा
कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। पहलगाम -7.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -6.2 डिग्री, कुपवाड़ा में -5.6 डिग्री और श्रीनगर में -5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में गुलमर्ग, पहलगाम, श्रीनगर व अन्य स्थानों पर सामान्य से अधिक दर्ज हुआ, लेकिन ठंड का एहसास बहुत तेज रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान और सलाह
मौसम केंद्र श्रीनगर के अनुसार, 12 से 15 जनवरी तक जम्मू कश्मीर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 16-17 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 18-19 जनवरी को आंशिक से सामान्य बादल छाए रहेंगे और 20 जनवरी को हल्की बारिश व बर्फबारी का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में कल से धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन जम्मू संभाग में अगले 5 दिनों तक मध्यम से घना कोहरा जारी रहेगा। लोगों से सावधानी बरतने और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here