Edited By Kalash, Updated: 07 Jun, 2026 12:42 PM

राजौरी जिले की मंजाकोट तहसील के डोरी माल जंगल क्षेत्र में चल रहे तलाशी अभियान के दौरान शनिवार भारतीय सेना के एक अधिकारी का निधन हो गया।
राजौरी (शिवम): राजौरी जिले की मंजाकोट तहसील के डोरी माल जंगल क्षेत्र में चल रहे तलाशी अभियान के दौरान शनिवार भारतीय सेना के एक अधिकारी का निधन हो गया। अधिकारी की पहचान कैप्टन बीरेश्वर गोस्वामी के रूप में हुई है, जो सेना की असम यूनिट से संबंधित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद सेना और प्रशासनिक अधिकारियों में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार डोरी माल के जंगलों में पिछले कई दिनों से सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल क्षेत्र में संभावित आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चला रहे हैं। कैप्टन बीरेश्वर गोस्वामी भी इस अभियान का हिस्सा थे और अपनी टीम के साथ क्षेत्र में तैनात थे।
सूत्रों के मुताबिक शनिवार अभियान के दौरान अचानक उनकी तबीयत किसी कारणवश बिगड़ गई। मौके पर मौजूद जवानों ने तत्काल उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई और उपचार के लिए निकाला, लेकिन उनकी स्थिति गंभीर बनी रही। बाद में उन्हें सेना अस्पताल, राजौरी लाया गया, जहां आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
सैन्य सूत्रों के अनुसार औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को आगे सैन्य सम्मान के साथ उनके गृह क्षेत्र भेजा जाएगा। डोरी माल क्षेत्र में जारी सर्च ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संचालित किया जा रहा है। घने जंगल, दुर्गम इलाका और प्रतिकूल मौसम के बावजूद सुरक्षा बल लगातार अभियान जारी रखे हुए हैं। कैप्टन बीरेश्वर गोस्वामी को एक समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उनके निधन की खबर से सेना के अधिकारियों, जवानों तथा स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। इस बीच क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा तलाशी अभियान जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here