Edited By Neetu Bala, Updated: 10 Jan, 2026 01:55 PM

अधिकारियों ने कहा कि व्यापक तलाशी अभियान चलाने के बाद अंतत: दोनों कुलियों के शवों की खोज कर उन्हें बरामद किया गया।
श्रीनगर (वार्ता) : उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग सैक्टर में नियंत्रण रेखा के पास एक ढलान से फिसलकर गिरने से सेना के दो नागरिक कुलियों की मौत हो गई और उनके शवों को बरामद किया गया। अधिकारियों ने कहा कि दोनों कुलियों की पहचान लियाकत अहमद दीदार और इशाक अहमद खटाना के रूप में हुई है। दोनों बारामूला के चंदूसा के रहने वाले थे। दोनों कुली गुरुवार दोपहर एक अग्रिम क्षेत्र से फिसलकर एक नाले में गिर गए थे। घटना के तुरंत बाद श्रीनगर स्थित 15 कोर के नियंत्रण में आने वाले गुलमर्ग सैक्टर में एक व्यापक बचाव अभियान शुरू किया गया। खोज अभियान को जम्मू क्षेत्र के पुंछ सैक्टर तक बढ़ाया गया, क्योंकि यह दुर्घटनास्थल के निकट है। नियंत्रण रेखा का पुंछ क्षेत्र सेना की नगरोटा स्थित व्हाइट नाइट (16) कोर के अधिकार क्षेत्र में आता है। अधिकारियों ने कहा कि व्यापक तलाशी अभियान चलाने के बाद अंतत: दोनों कुलियों के शवों की खोज कर उन्हें बरामद किया गया। सेना ने हालांकि इस घटना पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here