Edited By Neetu Bala, Updated: 26 Oct, 2025 02:59 PM

आसमान छू रही चांदी की कीमतें अब अचानक नीचे आने लगी हैं।
जम्मू-कश्मीर डेस्क : पिछले कुछ महीनों से लगातार आसमान छू रही चांदी की कीमतें अब अचानक नीचे आने लगी हैं। त्योहारी सीजन के दौरान जब चांदी ने नया रिकॉर्ड बनाया था, तब किसी को उम्मीद नहीं थी कि कुछ ही दिनों में इसकी चमक इतनी तेजी से फीकी पड़ जाएगी। लगातार बढ़ती चांदी की कीमतों पर अब ब्रेक लग गया है। पिछले हफ्ते सोने के दामों के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई है। दिवाली के बाद चांदी के दामों में ₹20,000 प्रति किलोग्राम से ज्यादा की गिरावट आई है। इससे पहले चांदी ने ₹1.70 लाख प्रति किलो का आंकड़ा पार कर लिया था।
पिछले हफ्ते सोने के दामों में गिरावट के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी भारी कमी दर्ज की गई है। जहां कुछ दिन पहले तक निवेशक चांदी में बड़ा मुनाफा कमा रहे थे, वहीं अब लगातार घटते दामों ने बाजार में हलचल मचा दी है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 16 अक्टूबर को चांदी की कीमत ₹1,67,663 प्रति किलोग्राम थी। लेकिन एक हफ्ते के भीतर, शुक्रवार तक कीमत घटकर ₹1,47,150 प्रति किलोग्राम रह गई। यानी, सिर्फ सात कारोबारी दिनों में चांदी ₹20,513 प्रति किलो सस्ती हो गई।
हाल ही में चांदी की कीमतों में गिरावट आई है, और इसके पीछे कई कारण हैं
पहला कारण है — दिवाली और धनतेरस के बाद मांग में कमी। त्योहारों के समय लोग ज़्यादा खरीदारी करते हैं, लेकिन त्योहार खत्म होने के बाद मांग घट जाती है, जिससे कीमतें नीचे आने लगती हैं। दूसरा कारण यह है कि चांदी की कीमत पहले ही अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच चुकी थी। ऐसे में कई निवेशकों द्वारा की गई मुनाफावसूलीकेकारण चांदी की कीमतों में गिरावट आई और कीमतें गिरीं। तीसरा कारण है अमेरिकी डॉलर की मजबूती है। चांदी और सोने का सौदा दुनिया भर में डॉलर में किया जाता है। जब डॉलर मज़बूत होता है, तो दूसरे देशों के निवेशकों के लिए चांदी महंगी लगने लगती है — नतीजा यह होता है कि मांग घट जाती है और कीमत नीचे आ जाती है। चौथा कारण है दुनिया में शांति और स्थिरता। जब वैश्विक हालात स्थिर रहते हैं और कोई बड़ा आर्थिक या राजनीतिक तनाव नहीं होता, तो लोग “सुरक्षित निवेश” के रूप में सोना-चांदी खरीदना कम कर देते हैं। इससे भी कीमतों पर असर पड़ता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here