Edited By Kalash, Updated: 05 Apr, 2026 12:33 PM

एक दिन के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजौरी (शिवम): गवर्नमैंट मैडिकल कॉलेज (जी.एम.सी.) एवं एसोसिएटेड हॉस्पिटल राजौरी में एक वरिष्ठ डॉक्टर को बिना अनुमति ड्यूटी छोड़ने और लापरवाही बरतने के आरोप में नोटिस जारी किया गया है। प्रिंसीपल जी.एम.सी. राजौरी डॉ. ए.एस. भाटिया द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. जाकिर हुसैन ने 3 अप्रैल शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे बायोमेट्रिक प्रणाली पर अपनी उपस्थिति दर्ज की और मात्र एक मिनट बाद लॉग आउट कर दिया। इसके बाद वह सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लिए बिना स्टेशन छोड़कर चले गए।
नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि उसी दिन कार्य समय के दौरान डॉ. हुसैन को सिविल सचिवालय जम्मू में देखा गया, जबकि उनके पास न तो कोई स्वीकृत अवकाश था और न ही कोई आधिकारिक ड्यूटी या अनुमति थी। प्रशासन ने इस कृत्य को सेवा नियमों का उल्लंघन और अनधिकृत अनुपस्थिति करार दिया है। साथ ही यह भी बताया गया कि इससे पहले भी उन्हें ऐसे आचरण से बचने के लिए आधिकारिक रूप से चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन उनके व्यवहार में सुधार नहीं आया। प्रशासन के अनुसार बार-बार की इस तरह की लापरवाही मरीजों की देखभाल और संस्थान की कार्यप्रणाली पर नकारात्मक प्रभाव डालती है, जो एक विभागाध्यक्ष जैसे वरिष्ठ पद के लिए उचित नहीं है।
नोटिस के माध्यम से डॉ. हुसैन को एक दिन के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने की स्थिति में उनके खिलाफ जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा नियमों और सरकारी कर्मचारी आचरण नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वित्तीय सलाहकार/मुख्य लेखा अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि मामले की जांच पूरी होने तक संबंधित डॉक्टर का वेतन अगले आदेश तक रोका जाए। आदेश में कहा गया है कि मामले में आगे की कार्रवाई डॉक्टर के जवाब के आधार पर की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here