Edited By Sunita sarangal, Updated: 10 Nov, 2026 04:50 PM

सूचना मिलते ही पुलिस थाना धर्मसाल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला।
राजौरी(शिवम बक्शी): राजौरी जिले के कालाकोट तहसील के अंतर्गत गांव सोलकी में मंगलवार दोपहर नेहरी नदी से एक 17 वर्षीय युवती का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार करीब 2:30 बजे स्थानीय लोगों ने नदी में एक युवती का शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना धर्मसाल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। मृतका की पहचान शाजिया कौसर (17) पुत्री मोहम्मद रियाज, निवासी त्राला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती पिछले करीब 8 दिनों से लापता थी।
घटनास्थल पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफ.एस.एल.) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सी.एच.सी.) कालाकोट ले जाया जाएगा, जिसके बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस बात का पता लगाने में जुटी है कि युवती किन परिस्थितियों में नदी तक पहुंची और उसकी मौत कैसे हुई। फिलहाल मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here