Edited By VANSH Sharma, Updated: 22 Feb, 2026 09:16 PM

सांबा शहर के सुम्ब लिंक मार्ग स्थित व्यस्त बाजार में रविवार शाम एक कपड़ों की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई।
सांबा (अजय): सांबा शहर के सुम्ब लिंक मार्ग स्थित व्यस्त बाजार में रविवार शाम एक कपड़ों की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान जलकर राख हो गई। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार होने के कारण बाजार की अधिकांश दुकानें बंद थीं। शाम के समय अचानक दुकान से धुआँ और आग की तेज़ लपटें उठती दिखाई दीं। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, आग विकराल रूप ले चुकी थी। दुकान में कपड़ों का अधिक सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटों का असर पास की दुकानों तक भी देखा गया। बाजार में सैकड़ों दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई हैं, जिससे आग फैलने का खतरा और बढ़ गया था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोका जा सका।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अंदेशा शॉर्ट सर्किट का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में आग से बचाव के मजबूत इंतज़ाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here