Edited By Urmila, Updated: 03 Apr, 2026 01:05 PM

सांबा-मानसर मार्ग पर जमोडा के पास बीती रात एक भयावह सड़क हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सांबा (अजय): सांबा-मानसर मार्ग पर जमोडा के पास बीती रात एक भयावह सड़क हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, करीब रात 2 बजे एक डंपर अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे वाहन पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। मृतक की पहचान सुरिंदर सिंह पुत्र चैन सिंह निवासी पलथ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरिंदर सिंह ऊधमपुर से खाली डंपर लेकर अपने घर पलथ लौट रहे थे, तभी जमोडा के पास यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना वहां से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने तुरंत मानसर पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब 3 घंटे तक चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को खाई से बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत जिला अस्पताल सांबा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी, एक छोटी बेटी को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here