Edited By Neetu Bala, Updated: 10 Aug, 2026 01:46 PM

तेंदुए की लगातार आवाजाही के कारण बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों का खासकर रात के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
बारामूला ( रेजवान मीर ) : बारामूला के बाउली कॉलोनी बाग इलाके में पिछले दो से तीन महीनों से तेंदुए की लगातार मौजूदगी की सूचना से स्थानीय लोगों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वन्यजीव विभाग की ओर से इलाके में पिंजरे लगाए गए हैं, लेकिन अभी तक तेंदुए को पकड़ने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है। तेंदुए की लगातार आवाजाही के कारण बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों का खासकर रात के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कनली बाग-बाबा ऋषि रोड इलाके में भी पहले तेंदुए की मौजूदगी देखी गई थी, जहां तेंदुए ने पांच से छह भेड़ों को मारकर खा लिया था।
बाउली कॉलोनी बाग के निवासियों का कहना है कि तेंदुआ रात के समय इलाके में घूमता है। सुरक्षा को लेकर लोगों में इतना भय है कि कई लोग फज्र और ईशा की नमाज के लिए मस्जिद जाने से भी परहेज कर रहे हैं।
लगातार बनी इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने जिला प्रशासन बारामूला और वन्यजीव विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर तेंदुए को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को बिना किसी देरी के कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इलाके के लोग राहत की सांस ले सकें और सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here