Edited By Neetu Bala, Updated: 02 Oct, 2026 01:57 PM

जम्मू-कश्मीर के अन्य जिलों की तरह पुंछ में भी भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने नैशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पुंछ ( धनुज ) : जम्मू-कश्मीर के अन्य जिलों की तरह पुंछ में भी भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने नैशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह खालसा, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश रैना और जिला महासचिव सुनील शर्मा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुंछ बस अड्डे पर प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का पुतला फूंका।
इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नैशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार अपने चुनावी वादों पर ध्यान देने के बजाय विधानसभा में स्वायत्तता, अनुच्छेद 370, 35ए और 1953 से पहले की स्थिति जैसे मुद्दों को फिर से उठा रही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों की प्राथमिकताएं बिजली, पानी, रोजगार और विकास जैसे मुद्दे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन बुनियादी समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने के बजाय पुराने संवैधानिक मुद्दों को उठाया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए की बहाली को भाजपा स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि 2019 के बाद केंद्र सरकार की ओर से जम्मू-कश्मीर में विकास कार्यों पर जोर दिया गया है और क्षेत्र में एक विधान, एक संविधान और एक निशान की व्यवस्था कायम रहनी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे का समर्थन करती है, लेकिन स्वायत्तता और पूर्व-1953 की संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को दोबारा उठाने का विरोध करती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here