Edited By VANSH Sharma, Updated: 14 Jun, 2025 05:51 PM

इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
जम्मू डेस्क: इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक नया विवाद खड़ा हो गया है। इज़राइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने हाल ही में एक नक्शा जारी किया, जिसमें भारत के कुछ हिस्सों को गलत तरीके से दिखाया गया। इस नक्शे में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा और पूर्वोत्तर भारत (जैसे अरुणाचल प्रदेश व सिक्किम) को नेपाल का हिस्सा बताया गया।
यह नक्शा ईरान की मिसाइलों की रेंज दिखाने के लिए जारी किया गया था। लेकिन इसमें भारत की सीमाओं को गलत तरीके से दिखाए जाने पर भारतीय लोगों में गुस्सा फैल गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि यह भारत की संप्रभुता का अपमान है।

विवाद बढ़ने के बाद इज़राइली सेना ने माफ़ी मांगी। उन्होंने कहा कि नक्शा केवल मिसाइल रेंज दिखाने के लिए था, न कि देशों की सटीक सीमाएं बताने के लिए। सेना ने यह भी कहा कि किसी की भावनाएं आहत करने का उनका कोई इरादा नहीं था, और अगर ऐसा हुआ है तो वे खेद प्रकट करते हैं। IDF ने यह भी वादा किया कि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा नहीं होगी और ज़्यादा सावधानी बरती जाएगी।
सोशल मीडिया पर कई भारतीय यूज़र्स ने इस नक्शे को सही करने की मांग की और कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें हमेशा सही तरीके से दिखाया जाना चाहिए। यह विवाद ऐसे समय पर हुआ है जब इज़राइल और ईरान के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। दोनों देशों के बीच हाल ही में कई हमले हो चुके हैं, जिनमें कई जानें गई हैं और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here