Edited By Sunita sarangal, Updated: 28 Feb, 2025 10:48 AM

जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में कल से मौसम ने करवट बदली है। मैदानी इलाकों में तेज बारिश हो रही है और पहाड़ी इलाकों पर भारी बर्फबारी हो रही है।
जम्मू(तनवीर सिंह): जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में कल से मौसम ने करवट बदली है। मैदानी इलाकों में तेज बारिश हो रही है और पहाड़ी इलाकों पर भारी बर्फबारी हो रही है। इसी के चलते जम्मू में कल दोपहर से ही तेज बारिश हो रही थी और पूरी रात भी भारी बारिश होती रही। इस बीच निकी तवी का जलस्तर बढ़ गया और उसमें एक व्यक्ति फंस गया।
जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 5:40 बजे पुलिस स्टेशन सतवारी को सूचना मिली कि शिवा स्टोन क्रशर के पास निकी तवी क्षेत्र में एक डम्पर चालक पानी के बीचो-बीच फंस गया है। अचानक आई बाढ़ और जलस्तर में भारी वृद्धि के कारण पूरा डम्पर पानी में डूब गया है। चालक उक्त डूबे हुए डम्पर की केबिन की छत पर खड़ा होकर अपनी जान के लिए संघर्ष कर रहा है।

यह भी पढ़ेंः Kashmir के इस जिले में कभी भी जा सकती हैं हजारों जानें, मंडरा रहा बड़ा खतरा

वहीं इस घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही तुरंत साउथ जोन पुलिस द्वारा बचाव अभियान शुरू किया गया। इसके अलावा बिना समय बर्बाद किए आई.सी. पी.पी. फलाएं मंडल पी.एस.आई. बलबीर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस दल मौके पर पहुंचा। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और पानी में फंसे व्यक्ति से बातचीत की। उसे आश्वासन दिया कि पुलिस उसे बचाने के लिए वहां मौजूद है। पुलिस की विशेष एस.डी.आर.एफ. टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम के आने तक फंसे हुए चालक के साथ पुलिस ने कनेक्शन बनाए रखा।

जम्मू-कश्मीर पुलिस की सतवारी पुलिस चौकी और एस.डी.आर.एफ. की टीमों ने पेशेवराना अंदाज, बहादुरी और प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए नदी के बीच से व्यक्ति को सफलतापूर्वक बचाया। व्यक्ति का नाम मोहन लाल पुत्र सालिक राम निवासी ओम नगर गोले गुजराल बताया जा रहा है। उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और फलाएं मंडल पुलिस चौकी ले जाया गया।
ऑपरेशन रडर की निगरानी एस.एस.पी. जम्मू, एस.पी. साउथ, एस.डी.पी.ओ. साउथ ने की और एस.एच.ओ. सतवारी और आई.सी. पी.एल. फलाएं मंडल ने इसे अंजाम दिया। आम जनता, स्थानीय लोगों और नेटिज़न्स ने जम्मू पुलिस के कर्तव्य से परे प्रयासों की व्यापक रूप से सराहना की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here