Edited By VANSH Sharma, Updated: 01 Aug, 2025 11:04 PM

एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ।
रियासी (ओंकार सिंह): जम्मू संभाग के रियासी जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें रामनगर के उप-मंडल अधिकारी (SDM) राजेन्द्र सिंह और उनके बेटे की भूस्खलन की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वे अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बोलेरो वाहन में सवार होकर धरामड़ी से अपने गांव पत्तियान लौट रहे थे।
हादसा सलूख इख्तर नाला क्षेत्र में हुआ, जहां अचानक हुए भारी भूस्खलन ने उनकी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। भूस्खलन के मलबे में दबकर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे SDM राजेन्द्र सिंह और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनकी पत्नी, एक चचेरा भाई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रियासी रेफर कर दिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने पुष्टि की है कि दुर्घटना का मुख्य कारण भारी भूस्खलन था। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्र में यह खतरा बना हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित विभाग क्षेत्र में सुरक्षा उपायों की समीक्षा कर रहा है।
इस हादसे ने न केवल प्रशासनिक जगत को गहरा आघात पहुंचाया है, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने राजेन्द्र सिंह को एक सरल, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताया और उनकी असामयिक मृत्यु को एक बड़ी क्षति करार दिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here