Edited By Neetu Bala, Updated: 17 Aug, 2026 03:19 PM

पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है।
आर.एस.पुरा (मुकेश) : जम्मू-आर.एस. पुरा मार्ग पर कुल्लियां से आर.एस. पुरा शहर की ओर जाने वाली सड़क जगह-जगह टूटने के कारण वाहन चालकों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि कुल्लियां-सतवारी सड़क मार्ग पर पैचवर्क कर मुरम्मत की गई है, लेकिन कुल्लियां-आर.एस. पुरा सड़क की हालत अभी भी खराब बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण सड़क पर पानी जमा हो रहा है। पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है।
स्थानीय वासी पूर्व शिक्षक सरदार शमेशर सिंह, रमेश कुमार रैना, निशान सिंह और अशोक वर्मा आदि लोगों ने बताया कि बज्गामड़ पेट्रोल पंप के पास सड़क ने तालाब का रूप धारण कर लिया है। लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों तरफ निकासी नाले नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है, जिससे सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी के साथ-साथ हादसे का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की स्थायी मुरम्मत करवाने तथा पानी की निकासी के लिए उचित नालियों का निर्माण करवाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here