Edited By Neetu Bala, Updated: 22 Jun, 2025 12:43 PM

विभाग ने जम्मू संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आने की भी संभावना जताई है
जम्मू : जम्मू-कश्मीर में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है। शनिवार को जम्मू श्रीनगर से ठंडा रहा। विभाग के अनुसार शनिवार को जम्मू का अधिकतम तापमान - 4.6 डिग्री के गिरावट के साथ 33 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं श्रीनगर के अधिकतम तापमान में पूरे 5.6 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके चलते वहां का तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह श्रीनगर के कई काजीगुंड के अधिकतम तापमान में भी पूरे 7.6 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई जिसके चलते वहां का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुलमर्ग के तापमान में भी 5.7 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं जम्मू के कटरा के अधिकतम तापमान में -7.8 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई जिसके चलते वहां का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शनिवार को जम्मू में हल्के बादल छाए रहे। इसके साथ ही हल्की हवाएं भी चलती रही।
ये भी पढ़ेंः Kashmir के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान... जानें कब तक बंद रहेंगे School
तापमान में आई गिरावट के चलते लोगों को गर्मी का एहसास कम हुआ। वहीं श्रीनगर में लोग बढ़ते तापमान और गर्मी से परेशान हो रहे हैं। मौसम विभाग ने आज श्रीनगर में तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। जम्मू में भी बादल गरजने, बिजली चमकने के साथ भारी बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए जम्मू संभाग में रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान विभाग ने यात्रियों, पर्यटकों और आम जनता को सलाह दी है कि वे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें। बिजली चमकने के दौरान घरों के अंदर रहें। विभाग ने जम्मू संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आने की भी संभावना जताई है जिसके चलते लोगों को नालों, नदियों और खड्डों से दूर रहने की सलाह दी है।
पहलगाम में जून का अब तक का तीसरा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री दर्ज
जहां बारिश के चलते जम्मू संभाग के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं कश्मीर के अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमानों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। शनिवार को पहलगाम में जून का अब तक का तीसरा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 16 जून 2008 को भी पहलगाम का तापमान 16. 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दूसरा सबसे अधिक तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस 28 जून 2007 को और अब तक का सबसे अधिक 17.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 15 जून 2008 को दर्ज किया गया था। कोकरनाग के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। शनिवार को कोकरनाग में जून का अब तक का तीसरा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दूसरा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस 30 जून 2004 को और अब तक का सबसे अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 26 जून 2011 को दर्ज किया गया था। वही कुपवाड़ा में शनिवार को जून का अब तक का पांचवा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चौथा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 28 जून 1978 को 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। तीसरा सबसे अधिक 21.6 डिग्री सेल्सियस 15 जून 2008 को दर्ज किया गया था। दूसरा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस 30 जून 1978 को और अब तक का सबसे अधिक 21.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 27 जून 1978 को रिकॉर्ड किया गया था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here