Edited By Sunita sarangal, Updated: 10 Nov, 2026 01:01 PM

जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से सामान्य चल रहा मौसम अब करवट लेने वाला है।
जम्मू(रोशनी): जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से सामान्य चल रहा मौसम अब करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार आज और कल यानी 48 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 11 नवम्बर को मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बर्फबारी का छोटा दौर देखने को मिल सकता है।
इसके बाद 12 से 13 नवम्बर के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दो दिनों के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी। कुपवाड़ा और बांदीपोरा के ऊंचाई वाले इलाकों में 12 नवम्बर की सुबह से 13 नवम्बर की देर शाम तक मध्यम से भारी बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग ने किसानों को 12-13 नवम्बर के दौरान काटी गई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है। ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी से महत्वपूर्ण दर्रों और पहाड़ी सड़कों पर यातायात बाधित हो सकता है। यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों और पर्यटकों को यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने की सलाह दी गई है।
इस दौरान दिन के तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की भी संभावना है। 14 नवम्बर को मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा, जबकि 15 से 19 नवम्बर तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।