Edited By Subhash Kapoor, Updated: 18 Jun, 2026 06:21 PM

उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के गंटमुल्ला बाला क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में टिपर चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुलाम हसन भट उर्फ़ हसा मामा पुत्र अब्दुल अज़ीज़ भट निवासी गंटमुल्ला बाला के रूप में हुई है।
बारामूला (रिजवान मीर): उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के गंटमुल्ला बाला क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में टिपर चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुलाम हसन भट उर्फ़ हसा मामा पुत्र अब्दुल अज़ीज़ भट निवासी गंटमुल्ला बाला के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार गुलाम हसन भट रेत से भरा एक टिपर लेकर उस स्थान की ओर जा रहे थे, जहां फिल्ट्रेशन प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी ढलान में जा गिरा, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल चालक को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद गुलाम हसन भट ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने मृतक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
