Edited By Neetu Bala, Updated: 24 Apr, 2026 02:00 PM

दर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से चोरों पर जल्द लगाम लगाने और चोरी गए पशुओं को बरामद करने की मांग की।
जम्मू ( रोशनी ) : जम्मू में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। अब चोर गहने और नकदी तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि घरों में घुसकर पशुओं को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला मढ़ ब्लॉक के गांव कुल्ले का है, जहां बीती रात दो चोरों ने एक घर में घुसकर भैंस और उसके बच्चे को चोरी कर लिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह रिंग रोड को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लगातार चोरियों की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से चोरों पर जल्द लगाम लगाने और चोरी गए पशुओं को बरामद करने की मांग की।
पीड़ित परिवार ने बताया कि वह दूध बेचकर ही अपने घर का गुजारा चलाते थे। भैंस चोरी होने से उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने कहा, "अब घर कैसे चलेगा? पुलिस जल्द से जल्द चोरों को पकड़े और हमारी भैंस वापस दिलाए।"
प्रदर्शन के दौरान हल्का पंचायत की पूर्व सरपंच पूजा रानी, पूर्व अध्यक्ष गुलाब सिंह सलारिया, सामाजिक कार्यकर्ता सचिन सिंह, पूर्व पंच सुषमा देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोष जताया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़कर पशु बरामद किए जाएंगे। इलाके में गश्त बढ़ाने की बात भी कही गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here