Edited By Subhash Kapoor, Updated: 09 Apr, 2026 11:28 PM

आर.एस. पुरा, मीरां साहिब पुलिस ने क्षेत्र में हो रही मवेशियों की तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करते हुए तस्करों के कब्जे से 17 मवेशियों को मुक्त करवाया। इस दौरान तस्करों द्वारा किए गए पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जम्मू (मुकेश): आर.एस. पुरा, मीरां साहिब पुलिस ने क्षेत्र में हो रही मवेशियों की तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करते हुए तस्करों के कब्जे से 17 मवेशियों को मुक्त करवाया। इस दौरान तस्करों द्वारा किए गए पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान SPO गारू राम और एएसआई विपिन कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मीरां साहिब क्षेत्र के मारलिया डाक बंगला स्थित गुर्जर बस्ती में मवेशियों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कुख्यात तस्कर बबलू अपने साथियों के साथ ट्रक में मवेशी लाद रहा था।
पुलिस को देखते ही तस्करों और उनके सहयोगियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया और गोली भी चलाई। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस हमले में दो पुलिसकर्मी पत्थर लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस संबंध में सीडीपीओ आर.एस. पुरा गुरमीत सिंह ने बताया कि पुलिस को मवेशी तस्करी की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर भेजी गई थी। मौके पर आरोपियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने मुक्त करवाए गए सभी 17 मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

