Edited By VANSH Sharma, Updated: 18 Mar, 2026 05:19 PM

पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि जम्मू में कोई स्थानीय व्यक्ति इस ठगी में शामिल था या नहीं।
जम्मू-कश्मीर डेस्क: जम्मू में एक बड़ा एडमिशन फ्रॉड सामने आया है, जहां कुछ ठगों ने MBBS और B.Tech में दाखिला दिलाने के नाम पर अभिभावकों से लाखों रुपये ठग लिए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में साइबर पुलिस स्टेशन जम्मू ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मोहाली स्थित विद्या 360 एजुकेशनल सर्विसेज नाम की कंसल्टेंसी पर आरोप है कि उसने 2025 में NEET और JEE पास करने वाले छात्रों के अभिभावकों को निशाना बनाया। उन्हें देश के नामी मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों में एडमिशन दिलाने का झांसा दिया गया।
आरोप है कि कंसल्टेंसी ने काउंसलिंग और एडमिशन फीस के नाम पर मोटी रकम वसूली और बाद में फर्जी अलॉटमेंट लेटर दे दिए। जब अभिभावकों ने संबंधित कॉलेजों में जाकर इन लेटर की जांच करवाई, तो पता चला कि वे पूरी तरह नकली थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जम्मू के कम से कम चार छात्रों के साथ ठगी हुई है। ठगों ने MBBS एडमिशन के लिए करीब 10 लाख रुपये और इंजीनियरिंग कोर्स के लिए 5 से 6 लाख रुपये तक वसूले। पीड़ितों का कहना है कि पैसे लेने के बाद आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया और रकम वापस नहीं की।
शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस स्टेशन जम्मू ने FIR नंबर 4/2026 दर्ज की है। यह मामला IT एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। इस केस में कंसल्टेंसी के फाउंडर डायरेक्टर पंकज शाह, को-फाउंडर प्रसून बनर्जी और दो महिला सहयोगियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि जम्मू में कोई स्थानीय व्यक्ति इस ठगी में शामिल था या नहीं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here